Aapka Rajasthan

उदयपुर में दिनदहाड़े लूट, फुटेज में देंखे 75 वर्षीय महिला से मंदिर लौटते समय सोने की चेन छीनी

उदयपुर में दिनदहाड़े लूट, फुटेज में देंखे 75 वर्षीय महिला से मंदिर लौटते समय सोने की चेन छीनी
 
उदयपुर में दिनदहाड़े लूट, फुटेज में देंखे 75 वर्षीय महिला से मंदिर लौटते समय सोने की चेन छीनी

राजस्थान के उदयपुर शहर में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे दो बदमाशों ने मंदिर से लौट रही एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित महिला एक बिजनेसमैन की 75 वर्षीय मां बताई जा रही हैं, जो रोजाना की तरह मंदिर से पैदल अपने घर लौट रही थीं। घटना उस समय हुई जब वह घर से महज 100 मीटर की दूरी पर थीं। तभी एक बदमाश अचानक उनके पास आया और उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन खींचने लगा।

महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क के डिवाइडर पर गिर गईं। इसके बाद बदमाश चेन लेकर कुछ दूर पैदल भागा, जहां उसका दूसरा साथी पहले से ही मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक युवक महिला से चेन छीनते हुए साफ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना के समय सड़क पर अन्य लोग और बाइक सवार भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। हालांकि, पास के एक दुकानदार ने साहस दिखाते हुए आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भी गिर गया और बदमाश फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती लूट और छीना-झपटी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।