जयपुर में बेकाबू रोडवेज बस ने दो कारों और स्कूटी को मारी टक्कर, 49 वर्षीय महिला की मौत; स्कूटी सवार का पैर टूटा
जयपुर के सीकर रोड पर खेतान हॉस्पिटल के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो कारों और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी बस के अगले टायर के नीचे आ गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि बस की चपेट में आने से 49 वर्षीय तुलसी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पहले कारों को मारी टक्कर, फिर स्कूटी को लिया चपेट में
मुरलीपुरा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुरील के अनुसार, दुर्घटना बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे हुई। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पहले दो कारों को टक्कर मारी और इसके बाद एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद स्कूटी बस के अगले टायर के नीचे आ गई। हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति का पैर टूट गया। वहीं, दो कारों और स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा।
बड़े बेटे के साथ घर लौट रही थीं तुलसी देवी
जानकारी के अनुसार, भगत ढाणी निवासी तुलसी देवी अपने बड़े बेटे के साथ विद्याधर नगर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सीकर रोड पर खेतान हॉस्पिटल के सामने हादसा हो गया। बस की चपेट में आने से तुलसी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने रोडवेज बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर मुरलीपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने पहुंचाया।पुलिस ने हादसे से संबंधित जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में एक महिला की मौत और स्कूटी सवार के घायल होने से इलाके में चिंता का माहौल है।
