Rajasthan Breaking News: कन्हैयालाल हत्या के मुख्य गवाह को ब्रेन हेमरेज, जयपुर से पहुंची डाॅक्टरों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन
उदयपुर न्यूज डेस्क। राजस्थान की इस वक्त की बड़ी खबर उदयपुर जिले से सामने आई है। उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में मुख्य गवाह राजकुमार शर्मा को ब्रेन हेमरेज हो गया और राजकुमार को गंभीर हालत में एमबी हॉस्पिटल लाया गया था। जिसके बाद जयपुर से डॉक्टर्स की एक टीम उदयपुर भेजी गई। डॉक्टरों की घंटों कड़ी मशक्कत के बाद राजकुमार शर्मा का सफल ऑपरेशन किया गया।

जयपुर के एसएमएस अस्पताल से डॉक्टरों की विशेष टीम शाम करीब 4:30 बजे रवाना हुई थी। ऐसे में राज्य सरकार के आदेश पर टीम के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें उदयपुर भेजा गया। रात करीब 9:40 मिनट पर टीम के सदस्य एमबी अस्पताल पहुंचे। हालांकि इससे पहले ही एमबी अस्पताल के चिकित्सकों ने ऑपरेशन को लेकर पूरी तैयारियां कर रखी थी। राजकुमार शर्मा का रात करीब 1:15 तक ऑपरेशन चला जो कि सफल रहा है। फिलहाल राजकुमार शर्मा को वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टर से मिली जानकारी के अनुसार इस ऑपरेशन के बाद अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण है।

राजकुमार शर्मा की पत्नी पुष्पा शर्मा ने बताया कि शनिवार को राजकुमार शर्मा घर पर तैयार हो रहे थे तभी चक्कर खाकर गिर गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की ओर से उपचार के बाद पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है। इसके बाद उदयपुर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री को सूचना दी गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के दो वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम बनाकर उदयपुर भेजी थी। जो सोमवार रात को उदयपुर पहुंची। इसके बाद ऑपरेशन शुरू किया गया, जो देर रात तक चला। जयपुर से डॉक्टर मनीष अग्रवाल और राशिम कटारिया उदयपुर पहुंचे और राजकुमार शर्मा का सफल ऑपरेशन किया।

राजकुमार कन्हैयालाल साहू की भूतमहल गली मालदास स्ट्रीट स्थित सुप्रीम टेलर्स दुकान पर 8 साल से काम करता था। जब कन्हैया की हत्या की गई, तब राजकुमार और ईश्वर साथ में थे। इस वारदात के बाद से ही राजकुमार सदमे में चल रहा था। परिवार ने उसे जैसे-तैसे संभाला, लेकिन आर्थिक तंगी ने उसे तोड़ दिया। राजकुमार की पत्नी पुष्पा शर्मा ने बताया कि पिछले 3 महीनों से वह काफी परेशान चल रहे थे।
