Bharat Jodo Yatra of Congress: भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का सीएम गहलोत ने लिया जायजा, यात्रा के रूट चार्ट में किया गया आंशिक बदलाव
जयपुर न्यूज डेस्क। राजस्थान में आज राहुत गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का झालावाड़ के झालरापाटन से राजस्थान प्रवेश होगा। इसको लेकर सरकार की तरफ से सभी तैयारिया कर ली गई है। आज खुद सीएम गहलोत झालावाड़ जिले के दौरे पर पहुंच सभी तैयारियों का जायजा लिया है। सीएम गहलोत के अलावा पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता और नेता भी झालावाड़ पहुंचे है। आज पीसीसी चीफ डोटासरा, मंत्री रामलाल जाट, ममता भूपेश, बृजेंद्र ओला, भंवर सिंह भाटी भी झालावाड़ पहुंचे हैं। साथ ही सचिन पायलट, प्रताप खाचरियावास, सतवीर चौधरी, राजेंद्र यादव, मुरारी मीणा भी आज झालावाड़ पहुंचेंगे। राहुल गांधी का काफ़िला छह ज़िलों से निकलेगा। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में 18 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

राजस्थान में बीते कुछ दिनों से कांग्रेस पार्टी में ही उथल पुथल मची हुई थी हालांकि हाल ही में केसी वेणुगोपाल ने वहां पहुंच कर स्थिति को शांत किया था। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है ऐसे में इस यात्रा को भव्य बनाने की कोशिशें हो रही है। आज राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा झालावाड़ के रास्ते राजस्थान में एंट्री करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लेकर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट तक इस यात्रा की सफलता को लेकर कमान संभाले हुए है। ऐसे में यातायात प्रबंधन करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। हालांकि प्रशासन का ये कहना है कि रूट डायवर्जन की आम लोगों की जानकारी दी जा रही है। कोटा के बाद 8 दिसंबर को ये यात्रा बूंदी से होते हुए सवाई माधोपुर की तरफ आगे बढ़ेगी औऱ फिर दौसा से होते हुए अलवर की तरफ जाएगी जहां से वो हरियाणा की सीमा में प्रवेश करेगी।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के रूट चार्ट में आंशिक बदलाव किया गया है। अब 8 दिसंबर की जगह 9 दिसंबर को रेस्ट का दिन रखा है। 9 दिसंबर को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन है। 9 दिसंबर को राहुल गांधी का दिल्ली जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसलिए रूट चार्ट में विश्राम का दिन बदल दिया गया है और यात्रा 8 दिसंबर को जारी रहेगी।
