RPSC स्कूल लेक्चरर भर्ती में 877 पद खाली, वीडियो में जाने 1047 पदों पर सिर्फ 170 अभ्यर्थी पास
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षाओं के नतीजों ने शिक्षा विभाग में खाली पदों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आयोग ने प्राध्यापक-कृषि (स्कूल शिक्षा) और प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) भर्ती-2025 के परिणाम जारी किए हैं। दोनों भर्तियों में कुल 1047 पदों के लिए परीक्षा हुई थी, लेकिन इनमें केवल 170 अभ्यर्थी ही सफल हो पाए। इस तरह 877 पद खाली रह गए हैं।प्राध्यापक-कृषि भर्ती में 552 पदों के मुकाबले सिर्फ 48 अभ्यर्थी पास हुए। वहीं, प्राध्यापक एवं कोच भर्ती-2025 में 617 पदों के लिए केवल 122 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इस भर्ती में 495 पद खाली रह गए। दोनों परीक्षाओं में बड़ी संख्या में पद खाली रहने की वजह से संबंधित विषयों में योग्य अभ्यर्थियों की कमी सामने आई है।
कृषि प्राध्यापक के 552 पदों में से 48 अभ्यर्थी सफल
प्राध्यापक-कृषि (स्कूल शिक्षा) भर्ती परीक्षा 3 और 8 जून 2026 को आयोजित की गई थी। आयोग ने 26 नवंबर को इसका परिणाम घोषित किया। कुल 552 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती में महज 48 अभ्यर्थी ही सफल हो सके। अधिकांश अभ्यर्थी चयन के लिए निर्धारित न्यूनतम अंक भी हासिल नहीं कर पाए।आयोग ने इससे पहले 20 अगस्त 2026 को अस्थाई सूची जारी की थी। इसके बाद कृषि विभाग की ओर से अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच की गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने परिणाम जारी किया। खास बात यह है कि आयोग की ओर से इस भर्ती के लिए कोई आरक्षित सूची जारी नहीं की गई।
प्राध्यापक एवं कोच भर्ती में 495 पद खाली
RPSC ने प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) भर्ती-2025 का परिणाम शुक्रवार रात जारी किया। इस भर्ती में कुल 617 पद थे, लेकिन केवल 122 अभ्यर्थी ही सफल हुए। इस तरह 495 पद खाली रह गए।विषयवार परिणाम देखें तो बायोलॉजी में 42, ड्राइंग में 12, पॉलिटिकल साइंस में 67 और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में केवल एक अभ्यर्थी सफल हुआ।वहीं, इन विषयों में पदों की संख्या इससे काफी अधिक थी। बायोलॉजी में 85, ड्राइंग में 180, पॉलिटिकल साइंस में 350 और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में 2 पदों पर भर्ती होनी थी। इसके मुकाबले सफल अभ्यर्थियों की संख्या कम रहने से बड़ी संख्या में पद रिक्त रह गए।
चयन के लिए 40 प्रतिशत न्यूनतम अंक जरूरी
RPSC के नियमों के अनुसार इन परीक्षाओं में चयन के लिए अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में सफल नहीं माना जाता है।दोनों भर्तियों के परिणामों को मिलाकर देखें तो 1047 पदों में से केवल 170 पदों पर ही अभ्यर्थी सफल हुए हैं। यानी कुल 877 पद खाली रह गए। स्कूल शिक्षा विभाग में प्राध्यापक और कोच के इतने पद रिक्त रहने से संबंधित विषयों में शिक्षकों की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है।
