कोटपूतली में होटल पर 8 नकाबपोश बदमाशों का हमला, फुटेज में देखे स्टाफ से मारपीट कर ढाई लाख रुपए लूटे; 5 हिरासत में
राजस्थान के कोटपूतली में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित होटल हाईवे प्रिंस में शुक्रवार तड़के 7 से 8 नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने होटल में तोड़फोड़ की और स्टाफ के साथ मारपीट कर काउंटर से करीब ढाई लाख रुपए लेकर फरार हो गए। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच सरुंड थाना क्षेत्र में हुई। वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 5 लोगों को हिरासत में लिया है।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
कमरा लेने आए युवकों से हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात 3 से 4 युवक होटल में कमरा लेने पहुंचे थे। इस दौरान होटल स्टाफ ने उनसे आईडी मांगी, लेकिन आईडी नहीं देने को लेकर युवकों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को अपने साथ ले गई। इसके बाद शुक्रवार तड़के होटल में नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया।
होटल में तोड़फोड़ कर स्टाफ से की मारपीट
शुक्रवार सुबह 7 से 8 नकाबपोश बदमाश होटल हाईवे प्रिंस पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने होटल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ के साथ मारपीट की और काउंटर में रखे करीब ढाई लाख रुपए लेकर फरार हो गए।अचानक हुए हमले से होटल में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की।
पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में लिया
सरुंड थानाधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि होटल में तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात कमरा लेने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद दो आरोपियों को डिटेन किया गया था।वहीं, शुक्रवार सुबह तोड़फोड़ की घटना के बाद तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इस तरह पुलिस अब तक कुल पांच लोगों को हिरासत में ले चुकी है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
थानाधिकारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
