Aapka Rajasthan

राजस्थान में एक दिन में 17 हजार ठिकानों से 7744 गिरफ्तार; ऑपरेशन को कितने जवानों-अफसरों ने दिया अंजाम?

राजस्थान में एक दिन में 17 हजार ठिकानों से 7744 गिरफ्तार; ऑपरेशन को कितने जवानों-अफसरों ने दिया अंजाम?
 
राजस्थान में एक दिन में 17 हजार ठिकानों से 7744 गिरफ्तार; ऑपरेशन को कितने जवानों-अफसरों ने दिया अंजाम?

राजस्थान पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक दिन में बड़ा राज्यव्यापी अभियान चलाया। विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने प्रदेशभर में 17,049 चिह्नित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 7,744 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए पुलिस के 12,151 अधिकारी और जवान मैदान में उतरे थे। इनके लिए कुल 2,961 विशेष टीमों का गठन किया गया था।

55 इनामी और 354 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई में 55 इनामी अपराधियों को पकड़ा गया। इसके अलावा 354 हार्डकोर अपराधी, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थ तस्कर भी गिरफ्तार किए गए। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 95 आरोपियों को भी पुलिस ने दबोचा।

अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में 141 तथा आबकारी अधिनियम के तहत 173 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने अदालत से फरार, स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधियों समेत 922 लोगों को भी पकड़ा।

एक दिन में 787 नए केस दर्ज

पुलिस के इस अभियान में सिर्फ गिरफ्तारियां ही नहीं हुईं, बल्कि 787 नए आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए। सामान्य मामलों में वांछित 677 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई के तहत भी बड़ी संख्या में लोगों को पकड़ा गया।

टोंक में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी

जिलेवार कार्रवाई में टोंक सबसे आगे रहा। यहां 97 पुलिस टीमों ने 363 ठिकानों पर दबिश देकर 407 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उदयपुर में 115 टीमों ने 932 ठिकानों पर कार्रवाई कर 354 लोगों को पकड़ा, जबकि भीलवाड़ा में 133 टीमों ने 305 ठिकानों पर दबिश देकर 330 गिरफ्तारियां कीं। अजमेर में 122 टीमों ने 598 ठिकानों पर कार्रवाई कर 280 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जयपुर में भी बड़े स्तर पर कार्रवाई

राजधानी जयपुर में भी पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया। जयपुर वेस्ट में 51 टीमों ने 332 ठिकानों पर दबिश देकर 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जयपुर नॉर्थ में 178, ईस्ट में 173 और साउथ में 142 गिरफ्तारियां हुईं। जयपुर ग्रामीण में 61 टीमों ने 430 ठिकानों पर कार्रवाई कर 101 आरोपियों को पकड़ा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त माहौल कायम करना है। पुलिस के मुताबिक, ऐसी बड़ी दबिशों से आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में कानून का डर पैदा होता है। डीजीपी ने संकेत दिया कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।