जयपुर में तेज रफ्तार बोलेरो ने 5 पैदल लोगों को कुचला, 4 की मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम, मुआवजे की मांग
जयपुर जिले के फागी थाना इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। फागी-माधोराजपुरा रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे पैदल चल रहे पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक पुरुष और तीन महिलाओं की जान चली गई। मृतकों में सास-ससुर और उनकी दो बहुएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब पौने 8 बजे हुआ। सभी लोग खेत में काम करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही फागी और माधोराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। चार लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चारों शवों को उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल के बाहर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया और चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस तिराहे पर भी जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। काफी समझाइश के बाद लोगों ने जाम खोल दिया।
ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों के लिए सरकार से बड़ी आर्थिक सहायता की मांग की है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रत्येक मृतक के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और परिवार के सदस्यों को संविदा पर नौकरी देने की मांग रखी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी की।
पुलिस फिलहाल फरार बोलेरो चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। हादसे के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बोलेरो की रफ्तार कितनी थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण क्यों खोया।
फिलहाल चार लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
