Aapka Rajasthan

धौलपुर में कार से 261 किलो गांजा बरामद, वीडियो में जाने बाजार कीमत 1.30 करोड़ रुपए; आंध्र प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

धौलपुर में कार से 261 किलो गांजा बरामद, वीडियो में जाने बाजार कीमत 1.30 करोड़ रुपए; आंध्र प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार
 
धौलपुर में कार से 261 किलो गांजा बरामद, वीडियो में जाने बाजार कीमत 1.30 करोड़ रुपए; आंध्र प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के धौलपुर जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मनियां थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने बगचौली खार मोड़ के पास एक कार की तलाशी लेकर 261 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में आंध्र प्रदेश के दो लोगों को गिरफ्तार कर कार भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और महानिरीक्षक डॉ. प्रीति चंद्रा के निर्देश पर की गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

सूचना के आधार पर NH-44 पर रोकी कार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल ड्राइवर बासुदेव शर्मा से मिली सूचना के बाद थानाधिकारी अनिल कुमार गौतम के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। 16 और 17 अक्टूबर 2026 को बगचौली खार मोड़ के पास संदिग्ध कार नंबर AP31-CB-1177 को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कार में रखे 11 प्लास्टिक के कट्टों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया गया।

आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आंध्र प्रदेश निवासी श्रीनिवास टी (45) और गेडम अमर चेतन्य (45) के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने गांजा आंध्र प्रदेश के बल्लीगौड़ा से दौसा ले जाने की बात बताई है।पुलिस अब आरोपियों से गांजे की खरीद, सप्लाई और संभावित खरीदारों के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे राजस्थान में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने जब्त गांजे और कार को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा इससे पहले नशीले पदार्थों की कितनी खेप सप्लाई की गई। करीब 1.30 करोड़ रुपए कीमत की गांजे की बरामदगी को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।