जयपुर में राडो शोरूम से ढाई करोड़ की 251 घड़ियां चोरी, वीडियो में देंखे 36 मिनट में वारदात को दिया अंजाम
जयपुर के टोंक रोड इलाके में स्विस लग्जरी वॉच ब्रांड राडो के शोरूम में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे 5 से 7 बदमाश शोरूम में घुसे और करीब ढाई करोड़ रुपये कीमत की 251 घड़ियां चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात करीब 36 मिनट में अंजाम दी गई। चोरी की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।बजाज नगर थाना पुलिस के अनुसार, बदमाश पहले से शोरूम की रेकी कर चुके थे। गुरुवार तड़के करीब साढ़े 4 बजे 5 से 7 बदमाश शोरूम के बाहर पहुंचे। सभी बदमाश बंद शोरूम के बाहर सीढ़ियों पर बैठ गए। कुछ देर तक वे सामान्य तरीके से वहीं बैठे रहे और इसके बाद लोहे की दो रॉड की मदद से शोरूम का शटर तोड़ दिया।शटर टूटने के बाद दो बदमाश शोरूम के अंदर दाखिल हुए, जबकि तीन से पांच बदमाश बाहर ही निगरानी करते रहे। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश बैग लेकर शोरूम के अंदर घड़ियां भरते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान बाहर बैठे उनके साथी आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
सीसीटीवी और DVR को लेकर भी की तलाश
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को शोरूम में सीसीटीवी कैमरे लगे होने की जानकारी थी। इसी वजह से अंदर घुसने के बाद उन्होंने सबसे पहले DVR तलाशने की कोशिश की, ताकि चोरी की घटना का रिकॉर्ड मिटाया जा सके।बदमाशों ने शोरूम में लगे म्यूजिक सिस्टम को DVR समझ लिया और उसे भी निकाल लिया। हालांकि, जब वे उसे लेकर गेट तक पहुंचे तो उन्हें समझ आया कि यह DVR नहीं बल्कि म्यूजिक सिस्टम है। इसके बाद बदमाश उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
बैग में भरकर ले गए महंगी घड़ियां
शोरूम के अंदर घुसे दोनों बदमाशों ने अलग-अलग जगह रखी महंगी घड़ियों को बैग में भरना शुरू कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में उनके द्वारा घड़ियां बैग में रखते हुए पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।पुलिस ने चोरी की गई घड़ियों की संख्या 251 बताई है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी संख्या में महंगी घड़ियां चोरी होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने और संभावित वाहन का पता लगाया जा सके। वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले शोरूम की रेकी की थी और उन्हें अंदर की व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की जानकारी थी। फिलहाल बजाज नगर थाना पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
