राजस्थान के 235 पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, फुटेज में देंखे 9 बनेंगे DSP; 73 पैरा खिलाड़ी भी शामिल
राजस्थान में खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने 235 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्ति देने की मंजूरी दी है। इन खिलाड़ियों को पुलिस, वन, आबकारी और जेल विभाग में नौकरी मिलेगी। खास बात यह है कि चयनित खिलाड़ियों में 73 पैरा खिलाड़ी भी शामिल हैं।सरकार को खिलाड़ियों की ओर से कुल 286 आवेदन मिले थे। इनमें से जांच और चयन प्रक्रिया के बाद 235 खिलाड़ियों के आवेदनों को नियुक्ति के लिए मंजूरी दी गई है। इस फैसले से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा।
9 खिलाड़ियों को मिलेगा DSP पद
स्वीकृत नियुक्तियों में 9 खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा 2 खिलाड़ियों को वन विभाग और पुलिस में नियुक्ति मिलेगी। वहीं, 224 खिलाड़ियों को कॉन्स्टेबल, आबकारी और जेल विभाग में सरकारी नौकरी दी जाएगी।इस तरह अलग-अलग खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर सरकारी सेवाओं में जगह मिलेगी।
73 पैरा खिलाड़ियों को भी मिलेगा मौका
सरकार की इस नियुक्ति प्रक्रिया में 73 पैरा खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों ने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद खेलों में अपनी प्रतिभा साबित की है। आउट ऑफ टर्न नियुक्ति मिलने से उन्हें रोजगार और आर्थिक सुरक्षा का अवसर मिलेगा।
दिसंबर 2023 से अब तक 187 खिलाड़ियों को नौकरी
राज्य सरकार के अनुसार, दिसंबर 2023 से अब तक 187 पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। अब 235 और खिलाड़ियों को नियुक्ति देने की मंजूरी मिलने के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।सरकार का कहना है कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नई नियुक्तियों से प्रदेश के खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ भविष्य की नौकरी को लेकर भी प्रोत्साहन मिलेगा।
