जयपुर में स्वच्छता के लिए 201 महिलाओं का सम्मान, वीडियो में जाने घुमंतू बस्तियों में चलाया विशेष अभियान
जयपुर में घुमंतू जाति की बस्तियों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। घुमंतू जाति उत्थान न्यास जयपुर महानगर और राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA), न्यूयॉर्क की ओर से आयोजित इस अभियान के तहत घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने में योगदान देने वाली 201 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सभी महिलाओं को घुमंतू जाति स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किए गए।
मंगलवार को जयपुर महानगर के गालव भाग के अंतर्गत जयसिंहपुरा खोर, दिल्ली रोड स्थित थाने के पीछे घुमंतू बस्ती में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजन का उद्देश्य बस्तियों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका को सम्मान देना रहा।
दीपावली से पहले शुरू किया गया अभियान
दोनों संस्थाओं की ओर से दीपावली से पहले जयपुर की विभिन्न घुमंतू बस्तियों में यह विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया था। अभियान में चंद्रा और केके मेहता फैमिली फाउंडेशन, न्यूयॉर्क (अमेरिका) के साथ डॉ. राज बंसल, डॉ. समीन शर्मा और डॉ. रोहित डांडिया का सहयोग रहा।अभियान के तहत बस्तियों में रहने वाले परिवारों को अपने घरों के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों की सफाई रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देने वाली 201 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
उपमहापौर का किया स्वागत
घुमंतू जाति उत्थान न्यास के सहप्रांत संयोजक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में जयपुर की उपमहापौर सरोज कंवर भी मौजूद रहीं। इस दौरान पार्षद सीमा पारीक ने उनका स्वागत किया।कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के काम में जुटी महिलाओं के प्रयासों को पहचान देने के साथ बस्ती स्तर पर साफ-सफाई की जिम्मेदारी को सामूहिक रूप से निभाने का संदेश दिया गया। आयोजकों का प्रयास है कि ऐसे अभियानों से घुमंतू बस्तियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और स्थानीय लोग नियमित रूप से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए आगे आएं।
