Aapka Rajasthan

राजस्थान में 140 कोच की होगी भर्ती, स्पोर्ट्स काउंसिल ने कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजा लेटर; 40 साल तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

 
राजस्थान में 140 कोच की होगी भर्ती, स्पोर्ट्स काउंसिल ने कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजा लेटर; 40 साल तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

राजस्थान के खेल विभाग में कोच (प्रशिक्षक) की भर्ती होगी। स्पोर्ट्स काउंसिल ने प्रदेश में 140 कोच की भर्ती के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) को लेटर भेजा है।यह भर्ती क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, आर्चरी, एथलेटिक्स, स्विमिंग समेत अन्य खेलों के लिए होगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए स्थाई और अस्थाई कोच नियुक्त किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, भर्ती में 18 से 40 साल तक की उम्र के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव राजकेश मीणा ने बताया - प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए कोच की कमी प्रमुख समस्या बन गई है। इसके समाधान के लिए सरकार और खेल विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध हो।

700 अस्थाई कोच लगेंगे

स्थाई भर्ती के साथ ही प्रदेश में करीब 700 अस्थाई कोच लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। राजकेश मीणा ने बताया कि इन पदों के लिए निविदा जारी कर दी गई है। ऐसे में करीब एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।वहीं दूसरी ओर 140 स्थाई कोच की भर्ती के लिए कर्मचारी चयन बोर्ड को पत्र भेजा गया है प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन निर्धारित नियमों और चयन प्रक्रिया के आधार पर होगा।

18 से 40 साल तक के युवाओं के लिए अवसर

इस भर्ती 18 से 40 वर्ष तक के युवा इसमें आवेदन कर सकेंगे। जबकि कोच के पदों के लिए खेल में विशेषज्ञता और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता महत्वपूर्ण होगी।राजस्थान स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड के चेयरपर्सन आलोक राज ने बताया - राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा प्रदेश में कोच की भर्ती के लिए लेटर आया था। जिसे लेकर कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद प्रदेश में अगले साल नए कोच की नियुक्ति होगी।