देशभर में भीषण गर्मी का कहर, कई शहरों में पारा 46° तक पहुंचा, वीडियो में देंखे लू और आंधी-बारिश दोनों का अलर्ट जारी
देश के बड़े हिस्से में इस समय भीषण हीटवेव का प्रकोप जारी है। उत्तर से लेकर पश्चिम और मध्य भारत तक तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। गर्म हवाओं और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है।मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
राजस्थान के धौलपुर में गर्मी के बीच एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जहां रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के जनरल कोच के निचले हिस्से में आग लग गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह आग अत्यधिक गर्मी के कारण ब्रेक पैडल क्षेत्र में उत्पन्न हुई हो सकती है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।ओडिशा में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां झारसुगुड़ा में तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं महाराष्ट्र के अकोला, वर्धा और अमरावती जैसे शहरों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश में खजुराहो 44.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।
भीषण गर्मी के बीच प्रशासन ने कई राहत कदम भी उठाए हैं। प्रयागराज में लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जगह-जगह वाटर एटीएम लगाए गए हैं, ताकि लोगों को शुद्ध और ठंडा पानी आसानी से मिल सके। वहीं ओडिशा में विशेष “लू सेंटर” स्थापित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों के लिए ठंडा पानी, ओआरएस और ग्लूकोज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मौजूदा मौसम में बदलाव की भी संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया है कि आज 17 राज्यों में आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि एक ओर जहां लू का असर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अचानक आने वाली आंधी-बारिश से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे कुछ क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। मौसम के इस दोहरे मिजाज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत बताई जा रही है।
