हनुमानगढ़ में RPF कॉन्स्टेबल के रेलवे क्वार्टर में चोरी, लैपटॉप व कीमती सामान ले गए चोर
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में रेलवे क्वार्टर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जंक्शन थाना क्षेत्र की रेलवे मेडिकल कॉलोनी में चोरों ने आरपीएफ कॉन्स्टेबल के आवास को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर घर से लैपटॉप, गैस सिलेंडर, चांदी का मंदिर और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब क्वार्टर खाली था। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए ताले तोड़े और अंदर रखे सामान को खंगालकर आसानी से कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित आरपीएफ कॉन्स्टेबल ने जंक्शन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद रेलवे कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कॉलोनी में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों का पता लगाने का दावा किया है।
