Aapka Rajasthan

भारत-पाक तनाव चरम पर! राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में बाजार बंद, आवाजाही पर भी लगी रोक

 
भारत-पाक तनाव चरम पर! राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में बाजार बंद, आवाजाही पर भी लगी रोक 

पाकिस्तान की सीमा से सटे राजस्थान के बीकानेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और चूरू जिलों में प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। हवाई हमले की आशंका के चलते शनिवार सुबह बाजार तुरंत बंद कर दिए गए हैं और आम लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा जा रहा है। सभी सीमावर्ती जिलों में सभी तरह की आवाजाही रोक दी गई है। सड़कें सुनसान होने लगी हैं और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने श्रीगंगानगर जिले में बिजली आपूर्ति भी रोक दी है।

स्कूल और कॉलेज पहले ही बंद
इन सभी जिलों में परीक्षाएं रद्द कर स्कूल और कॉलेज पहले ही अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। खाद्यान्न से लेकर ईंधन और दवाओं तक का स्टॉक कर लिया गया है। सभी राज्य कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें तुरंत ड्यूटी पर आने और मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों/कर्मचारियों से कहा गया है कि वे अपना फोन हमेशा चालू रखें और जरूरत के समय कॉल आने पर तुरंत ड्यूटी पर लौटें। संकट की इस घड़ी में सभी को सहयोग करने की जरूरत है।

सेवानिवृत्त कर्मियों की मदद
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुसार, 'राजस्थान की सीमा पाकिस्तान से 1000 किलोमीटर से अधिक लंबी है। ऐसे में हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं। अधिकारियों को सेना और केंद्र सरकार के साथ मिलकर सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मॉक ड्रिल, ब्लैकआउट और सीमित आवाजाही जैसे कदमों को प्रभावी बनाने के लिए जन जागरूकता बढ़ाने को भी कहा गया है। उन्हें सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाए। सीमावर्ती जिलों में कोई भी कर्मचारी तबादले के कारण ड्यूटी से न चूके। जरूरत पड़ने पर सेवानिवृत्त कर्मियों और स्वयंसेवकों की मदद भी ली जाएगी।'