डूंगरपुर में लेपर्ड की दस्तक से दहशत, कोकापुर-चारवाड़ा रोड क्षेत्र में अलर्ट
जिले के कोकापुर से चारवाड़ा रोड के बीच आबादी क्षेत्र के पास शनिवार सुबह एक लेपर्ड (तेंदुआ) दिखाई देने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। झाड़ियों के बीच वन्यजीव के देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों में भय फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच लेपर्ड को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत आसपास के लोगों और वन विभाग को दी गई। घटना के बाद से ग्रामीणों ने खेतों और जंगल की ओर जाना बंद कर दिया है।
इलाके में रह रहे लोगों का कहना है कि लेपर्ड के दिखने के बाद बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई ग्रामीणों ने दिन के समय भी अकेले बाहर निकलने से परहेज करना शुरू कर दिया है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को अलर्ट किया गया है और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। वन विभाग की ओर से इलाके में निगरानी बढ़ाने और लेपर्ड की मूवमेंट ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में जंगल या झाड़ियों के पास अकेले न जाएं। साथ ही यदि लेपर्ड दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
फिलहाल क्षेत्र में वन विभाग की टीम गश्त कर रही है और लेपर्ड की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
