राजस्थान-गुजरात बॉर्डर पर पुलिस ने पकड़ी लाखों रूपए की अवैध शराब, कंटेनरों में छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने राजस्थान-गुजरात की रतनपुर सीमा पर दो अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब से भरे दो कंटेनर जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों कंटेनरों से 40 लाख रुपये की शराब बरामद कर दोनों कंटेनरों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
111 कार्टन बरामद
डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर के जरिए राजस्थान-गुजरात की रतनपुर सीमा से अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी शुरू कर दी। इस दौरान रात करीब 12:15 बजे उदयपुर की ओर से आ रहे एक बंद बॉडी कंटेनर को रोका गया। पुलिस ने जब चालक से कंटेनर में क्या भरा है, इसके बारे में पूछा तो उसने बताया कि कंटेनर खाली है। लेकिन मुखबिर की पुख्ता सूचना के चलते पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो कंटेनर में राजस्थान निर्मित शराब के कार्टन मिले। जिस पर पुलिस ने कंटेनर से 111 कार्टन शराब बरामद की। कैलाश चंद्र मीणा निवासी खांडी ओबरी जिला उदयपुर को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
बिस्कुट के नाम पर शराब तस्करी
इसके बाद सुबह करीब 6 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए फिर से शराब तस्करी की सूचना मिली। इस पर भी पुलिस ने सीमा पर नाकाबंदी कर दी। उदयपुर की ओर से आ रहे कंटेनर को रोका गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि कंटेनर में बिस्कुट भरे हुए हैं। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें पंजाब निर्मित शराब के कार्टन भरे हुए थे। पुलिस ने कंटेनर से 401 कार्टन अवैध शराब बरामद की। जालौर निवासी सुरेश विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि दोनों कंटेनरों से जब्त शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। फिलहाल पुलिस दोनों चालकों से पूछताछ कर रही है।
