Aapka Rajasthan

Dungarpur में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का धूमधाम से आगाज

 
Dungarpur में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का धूमधाम से आगाज

डूंगरपुर न्यूज़ डेस्क, गायत्री शक्तिपीठ की ओर से चार दिवसीय 108 कुण्डीय महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव का आगाज बुधवार को हुआ। इसमें जिलेभर की महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया। दोपहर को मुरला गणेश मंदिर से महिलाएं जल से भरे गंगाजल कलश धारण कर निकली। कलश यात्रा आयोजन स्थल वसुंधरा विहार पहुंची। कलश यात्रा मार्ग में जगह-जगह तोरणद्वार एवं पुष्प वृष्टि से स्वागत कर श्रद्धालुओं ने गंगा माता की वंदना की। कलश यात्रा में मातृशक्ति ने गंगाजल कलश एवं पुरुष वर्ग ने पौथी धारण की। वहीं, युवा शक्ति ने भक्ति गीतों के साथ नृत्य कर कलश यात्रा के आनंद को बहुगुणित किया।

धर्मसभा में दिया संदेश

पंडित राजकुमार भृगु ने भारतीय यज्ञ परंपरा, गुरुसत्ता का युग संदेश एवं नारी शक्ति की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि हर नारी देवी का जीवंत स्वरुप है। मंदिर में देवी की केवल सुंदर प्रतिमा होती है। पर, यह दुनिया जिस दिन सुंदर नारी में ही गायत्री, लक्ष्मी एवं मातारानी का दर्शन करेगी। उस दिन मानव में देवत्व के उदय एवं धरती पर स्वर्ग के अवतरण का महासंकल्प पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रिश्तों की नाजुक डोर कभी टूटने नहीं दें। वहीं, घर को मंदिर की तरह पावन बनाने काम आती है। उपाचार्य बृजेन्द्र त्रिपाठी ने यज्ञ की महिमा बतलाई। युग गायक भास्कर तिवारी एवं अभय तिवारी ने गीतों के माध्यम से नारी शक्ति की महिमा गाई। इससे पूर्व गायत्री शक्तिपीठ में रमेश आचार्य ने वरुण गायत्री यज्ञ किया।

बंसीलाल गर्ग, रमिला अहारी, पुष्पा भट्ट, गिरीश कलाल, गणेशलाल मोदी, नटवरलाल वर्मा, नानुलाल पंवार, मगनलाल यादव आदि का सहयोग रहा। इस अवसर पर राजस्थान जोन प्रभारी मोहनलाल गौतम, गायत्री शक्तिपीठ अंबाजी के व्यवस्थापक रमेश आचार्य, भंवरलाल रेलमगरा, गायत्री शक्तिपीठ आसपुर के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी रामचंद्र मेहता, सहायक मुख्य प्रबंध ट्रस्टी शिवराम कलाल, कोषाध्यक्ष जगदीश सोनी, युग गायक देवराम मेहता, लोकेश मेहता गोल आदि का आतिथ्य रहा। संचालन नानुराम भट्ट ने किया। आभार नगीनलाल पटेल ने व्यक्त किया।