Aapka Rajasthan

Dholpur के पुराने अस्पताल परिसर में ओपीडी शुरू, मरीजों को देंगे परामर्श

 
Dholpur के पुराने अस्पताल परिसर में ओपीडी शुरू, मरीजों को देंगे परामर्श

धौलपुर न्यूज़ डेस्क, धौलपुर के पुराने अस्पताल में शुक्रवार से 12 घंटे की ओपीडी शुरू कर दी गई है। पुराने अस्पताल परिसर में फिर से ओपीडी शुरू करने के लिए कई दिनों तक आंदोलन चला। मामले में शहर के लोगों ने अस्पताल संघर्ष समिति का गठन भी किया। नया अस्पताल शुरू होने के बाद शहर के लोगों को 7 किलोमीटर दूर इलाज के लिए जाना पड़ रहा था। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर शुक्रवार को पुराने अस्पताल परिसर के कार्डियक आईसीयू में दो पारियों में ओपीडी शुरू की गई है। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से रात के 9 बजे तक चलेगी। जिला अस्पताल के अलावा पुराने अस्पताल परिसर में मौसमी बीमारियों के मरीज डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे। दो पारियों में चलने वाले अस्पताल को शहरी ओपीडी का नाम दिया गया है। जिसमें एक समय में कम से कम चार मरीजों को 12 घंटे के लिए बेड रेस्ट भी दिया जाएगा।

अस्पताल के पीएमओ डॉ. विजय सिंह ने बताया कि पुराने कार्डियक आईसीयू परिषर में शुक्रवार से ओपीडी शुरू कर दी गई है। जिसके साथ ही अगले सप्ताह तक नए अस्पताल में संचालित मॉर्चुरी को वापस पुराने अस्पताल में संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार को शहर में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुराने अस्पताल में चलाने के लिए सरकार को लिखा गया है। सरकार से निर्देश मिलने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुराने अस्पताल में शुरू कर दिया जाएगा।

अस्पताल संघर्ष समिति ने किया था आंदोलन

पुराने अस्पताल को फिर से शुरू करने के लिए शहर के लोगों द्वारा पूर्व विधायक अब्दुल सगीर और पूर्व अध्यक्ष रितेश शर्मा के नेतृत्व में अस्पताल संघर्ष समिति का गठन किया गया था। जिनके नेतृत्व में अस्पताल संघर्ष समिति ने कई बार आंदोलन भी किए। पुराने अस्पताल में ओपीडी शुरू होने पर शहर के लोगों ने अस्पताल संघर्ष समिति का आभार जताया है।