राजस्थान के इस जिले में जमीनीविवाद के चलते हुआ खूनी संघर्ष, दो पक्षों की लड़ाई में 4 महिलाएं बुरी तरह घायल

धौलपुर के बसेड़ी थाना क्षेत्र के कोली का अड्डा गांव में विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर एक समुदाय विशेष और एक पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष और पथराव में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घटना 26 मार्च की बताई जा रही है। पथराव का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बसेड़ी थाना प्रभारी बृजेश मीना ने बताया कि बसेड़ी कस्बे के कोली का अड्डा गांव में एक विवादित भूखंड है। एक समुदाय विशेष के लोग भूखंड का इस्तेमाल कब्रिस्तान के तौर पर कर रहे थे। भूखंड पर लंबे समय से शवों को दफनाया जा रहा था। लेकिन विवादित भूखंड रिकॉर्ड में कब्रिस्तान के नाम पर नहीं है।
मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट
उन्होंने बताया कि बबलू कोली नाम के व्यक्ति ने एक निश्चित भूखंड पर नगर पालिका से निर्माण की अनुमति ली थी। जिसके आधार पर बबलू कोली विवादित भूखंड पर निर्माण करने पहुंचा था। उसका विरोध करने के लिए एक समुदाय विशेष की महिलाएं और पुरुष पहुंच गए। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। पथराव में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी मीना ने बताया कि मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांति भंग करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों के लोगों को मारपीट न करने की चेतावनी भी दी गई है। विवादित भूखंड पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिसकी जांच सीओ कर रहे हैं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले में पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।