Aapka Rajasthan

राजस्थान के धौलपुर में हनीट्रैप गैंग का खुलासा! बलात्कार की झूठी रिपोर्ट से लोगों को बनाते थे शिकार, करते थे लाखों की ठगी

 
राजस्थान के धौलपुर में हनीट्रैप गैंग का खुलासा! बलात्कार की झूठी रिपोर्ट से लोगों को बनाते थे शिकार, करते थे लाखों की ठगी 

धौलपुर में महिला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हनी ट्रैप में फंसाकर लोगों से पैसे ठगने और छेड़छाड़ व दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देने की आरोपी महिला उर्मिला को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह में दो अन्य सदस्य भी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। महिला थाना प्रभारी छवि फौजदार ने बताया कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक धौलपुर सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस लगातार जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने 23 मार्च 2025 को महिला थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 3 मार्च 2025 को 50 वर्षीय उर्मिला पत्नी कल्लू निवासी जौरा मध्यप्रदेश और प्रेम सिंह व ध्रुव कंसाना ने बहला-फुसलाकर उसे जाल में फंसाया। 

5 लाख रुपए की मांग
उसे धौलपुर के एक होटल में बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया और गलत काम करवाया। इसके बाद महिला और दोनों युवकों ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के साथ हनी ट्रैप की घटना को गंभीरता से लेते हुए धारा 308 (2) 308 (7) 308 (6) 11 (2) 62 (2) ए बीएनएस के तहत तुरंत आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है।

रविवार को आरोपी महिला उर्मिला को हनी ट्रैप के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। थाना प्रभारी फौजदार ने बताया कि घटना में शामिल प्रेम सिंह और ध्रुव कंसाना फरार हैं। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।