Aapka Rajasthan

Dholpur जलसंकट छाया, हैंडपंप सूखे, 2 किमी दूर से ला रहे हैं पानी

 
Dholpur जलसंकट छाया,  हैंडपंप सूखे, 2 किमी दूर से ला रहे हैं पानी

धौलपुर न्यूज़ डेस्क, धौलपुर जिले के चारों तरफ चंबल नदी होने के बावजूद भी जिले की जनता पीने के पानी के लिए तरस रही है। भीषण गर्मी आते ही नौबत यह आ गई है कि लोगों को खरीद के पानी पीना पड़ रहा है। भास्कर संवाददाता ने जाटौली और लुहारी गांव में जाकर गांववासियों की समस्याएं जानी। हालात यह है की जलदाय विभाग ने दोनों गांवों में घर-घर कनेक्शन किए हैं। दोनों गांव में 50 से भी अधिक हैंडपंप होने के बावजूद भी गांव के लोग गांव के उस पार के हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं।

लुहारी गांव के जयप्रकाश सेन ने बताया की गांव में लगभग 3 से 4 हजार लोगों की आबादी है। वहीं घर-घर कनेक्शन होने और गांव में 25 से 30 हैंडपंप लगे होने के बाद भी हम गांववासियों के लिए बेकार है। नलों में एक-एक हफ्ते तक पानी नही आता है और गांव के अंदर लगे सभी हैंडपंपों का पानी खारा है। इसलिए गांव के अधिकांश लोगों को गांव के बाहर रोड पार कर के हैंडपंपों से पानी लाना पड़ता है या फिर आरओ का पानी खरीदकर पीना पड़ता है।

वहीं जाटौली गांव के भरत सिंह ने बताया की हमारे गांव में पानी होने के बाद भी गांव के लोग प्यासे से घूमते हैं। रोजाना मुझे अपने घर के लिए 3 से 4 बोतलें आरओ पानी पीने के लिए खरीदनी पड़ती है। जो की एक बोतल 10 रुपए की पड़ती है। रोजाना 30 से 40 रुपए का खर्चा तो हो जाता है। वहीं घरों के नल तो जलदाय विभाग के अधिकारियों की मर्जी से आते हैं। उनका मन किया तो दो दिन बाद दे दें या फिर एक हफ्ता भी गुजर जाए। वहीं जाटौली गांव के मोहर सिंह ने बताया की मेरे परचून की दुकान के पास लगभग एक वर्ष से पाइप लाइन बड़ी लीकेज है। कई बार जेईएन से शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी लाइन ठीक नहीं कराई ई है। गांव में 3 से साढ़े तीन हजार की आबादी है। घर-घर में पानी की समस्या है क्योंकि इस साइड का खारा पानी है। यह बात विभाग के अधिकारियों को पता होने के बाद भी पानी की सप्लाई समय से नहीं करते हैं। सबसे पहले पानी की चिंता... लोगों ने बताया सुबह उठने के साथ ही पानी की समस्या सबसे अहम होती है। बच्चे क्या और बड़े क्या सभी पानी की जुगत में लग जाते हैं। यह क्रम रोजाना का है।