Aapka Rajasthan

Dholpur गर्मी ने दी दस्तक, अस्पताल में बढ़ने लगे वायरल बुखार के मरीज

 
Dholpur गर्मी ने दी दस्तक, अस्पताल में बढ़ने लगे वायरल बुखार के मरीज

धौलपुर न्यूज़ डेस्क, धौलपुर बीते चार दिनों से मौसम में बदलाव हो रहा है। जिसकी चपेट में आकर अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। अप्रेल माह के पहले दिन ही लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा। दोपहर के समय भीषण गर्मी पड़ने से लोग परेशान नजर आने लगे हैं। घर से बाहर निकलते समय लोग छाता का प्रयोग भी कर रहे है। अचानक तापमान बढ़ने से इसका असर जन स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

सोमवार को जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन 12 सौ से पार जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा मौसमी बीमारियों की चपेट में आए मरीज शामिल हैं। गर्मी का अधिक प्रभाव बच्चे और बुजुर्गों में ज्यादा नजर आ रहा है। दिन में तेज गर्मी तो रात में तापमान में गिरावट से लोग चपेट में आ रहे है। मौसम में हुए बदलाव व अधिक गर्मी का प्रभाव स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। बच्चों में पेट दर्द के साथ उल्टी व दस्त की शिकायत मिल रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में पंजीकरण काउंटर से लेकर दवा, जांच आदि काउंटरों पर कतार लग रही है। यहीं स्थिति चिकित्सकों की ओपीडी कक्ष में है। मरीजों को इंतजार के बाद उपचार करवाना पड़ रहा है।

तेज गर्मी का स्वास्थ्य पर प्रभाव

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरपी त्यागी ने बताया कि मौसम में बदलाव और तेज गर्मी से स्वास्थ्य पर विपरित असर पड़ रहा है। मौसमी बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे है। इस समय वायरल बुखार के मरीजों की भी संख्या बढ़ी है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हरिओम गर्ग ने बताया कि बच्चों को पेट दर्द, उल्टी व दस्त के लक्षण मिल रहे है। ज्यादा दिक्कत हो तो चिकित्सक से परामर्श ले। जिससे बीमार बच्चों को अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। तापमान में हो रही वृद्धि के चलते लोगों को दोपहर में घरों से बाहर निकलने से भी परहेज बरतना पड़ेगा। ठंडी चीजों का सेवन अभी बिल्कुल न करें। मौसम में बदलाव के चलते उबला हुआ पानी का सेवन करें।