Dholpur करोड़ों के बजट से बना गौरव पथ अब गोबर पथ में बदल गया
शहर के कांसौटीखेड़ा रोड पर सुंदरता को बढ़ाने के लिए करोड़ों के बजट से गौरव पथ का निर्माण करवाया गया था। जिसे सुंदर एवं स्वच्छ बनाने की जिमेदारी नगर पालिका के हाथों में थी, लेकिन करोड़ों खर्च होने के बावजूद भी आज गौरव पथ के दोनों और बड़े-बड़े गोबर एवं कचरे के ढेर लगे हुए हैं जो नगर पालिका की लापरवाही बताते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गौरव पथ के दोनों ही ओर ग्रामीणों ने घूरा बना लिया है जिसके चलते आसपास के इलाके का कचरा यहीं पर डाला जाता है।
सफाई कर्मी भी डालते हैं शहर की गंदगी
लोगों ने बताया कि न केवल स्थानीय लोग बल्कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी शहर की गंदगी को उक्त गौरव पथ के दोनों और बने कचरे के ढेरो पर डालते हैं। जिससे स्थिति और भी भयाभय होती जा रही है स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका ने कभी भी इन गंदगी के पहाड़ों को साफ करने की कोई भी जहमत नहीं उठाई गई है।
गौरव पथ पर बना नाला भी अवरुद्ध : न केवल कचरे के ढेर बल्कि गौरव पथ की बगल से बनाया गया नाला भी लंबे समय से चौक है। मानसून का समय होने के चलते पानी अवरुद्ध होने के कारण गंदगी और भी अधिक बढ़ गई है। जिससे भयंकर दुर्गंध उठती है। लोगों ने बताया कि नगर पालिका ने उक्त नाले को कभी साफ नहीं किया। जिसके चलते हालात बेहद ही शर्मनाक होते चले जा रहे हैं।