चंबल नदी उफान पर! जलस्तर खतरे के निशान से 5 मीटर ऊपर, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट, तटीय गांवों में बढ़ा खतरा
प्रदेश के हाड़ौती क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और कोटा बांध के गेट खोलकर छोड़े गए पानी के कारण चंबल नदी का जलस्तर दो दिनों से तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को ही जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। दूसरे दिन मंगलवार दोपहर को चंबल नदी का जलस्तर 135.70 मीटर (गेज) पर रहा।
जबकि चंबल नदी में मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित पुराने चंबल पुल के नीचे खतरे का निशान 130.79 मीटर है। माना जा रहा है कि मंगलवार रात को चंबल नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। जलस्तर 138 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। नदी का प्रवाह तेजी से बढ़ने के कारण जिला प्रशासन सतर्क है।
मंगलवार दोपहर एसडीएम धौलपुर डॉ. साधना शर्मा, सीओ सिटी मुनेश मीणा, तहसीलदार अलका श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी पुराने चंबल पुल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर मौजूद धौलपुर कोतवाली प्रभारी हरिनारायण मीणा और एसआई अशोक सिंह को पुराने चंबल पुल की ओर लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, पुल पर रील आदि बनाने पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिला प्रशासन ने चंबल नदी से सटे गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को नदी का जलस्तर 138 मीटर तक पहुँचने की आशंका के चलते नदी से दूर रहने को कहा है। साथ ही, किनारे बसे लोगों को ऊँचे स्थानों पर जाने को कहा गया है। साथ ही, पटवारी और थाना पुलिस को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
