Aapka Rajasthan

आज से 17 अक्टूबर तक जिले में जनसेवा अभियान शुरू: पंचायतों में लगेंगे सेवा शिविर, 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

 
आज से 17 अक्टूबर तक जिले में जनसेवा अभियान शुरू: पंचायतों में लगेंगे सेवा शिविर, 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

भीलवाड़ा जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विकसित भारत जनसेवा अभियान शुरू किया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में जनकल्याण, सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वय से होने वाले कार्यक्रमों में आमजन और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत नव-लाभान्वित परिवार अपने घरों और प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसी दिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान लोगों को जनसेवा और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में होंगे सेवा शिविर

अभियान का एक प्रमुख हिस्सा ‘सेवा सेतु अभियान’ है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 19 से 25 सितंबर तक और शहरी क्षेत्रों में 8 से 16 अक्टूबर तक शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों का मौके पर पंजीकरण भी किया जाएगा, ताकि उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

अभियान के तहत 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थी विकसित भारत के संकल्प के साथ स्लोगन, पोस्टर और बैनर लेकर रैली निकालेंगे। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं को भी अभियान की गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी है।

स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 18 से 25 सितंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों और 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रेरणादायी गतिविधियों की वीडियो रील तैयार कर उनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का होगा सम्मान

25 से 27 सितंबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। वहीं ‘सेवा की कहानी’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों और परिवारों की प्रेरणादायी कहानियों को वीडियो, रील और फोटो के माध्यम से सामने लाया जाएगा।

2 अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता और सामुदायिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इस तरह एक महीने तक चलने वाले अभियान में अलग-अलग विभागों और सामाजिक वर्गों की भागीदारी के जरिए जनसेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को जिलेभर में आयोजित किया जाएगा।