Dausa 'गोरखधंधा' शब्द को लेकर नाथ समाज ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
दौसा न्यूज़ डेस्क, गोरखधंधा शब्द का प्रयोग अच्छे और श्रेष्ठ कार्यों के लिए किया जाता है। इस शब्द की महिमा को आज तक गुरु गोरखनाथ के अलावा कोई नहीं समझ पाया। लेकिन जनप्रतिनिधि ही गोरखधंधा शब्द को अवैध कार्यों से जोड़कर प्रयोग कर रहे हैं। यह कहना है दौसा के नाथ संप्रदाय से जुड़े लोगों का। शुक्रवार को नाथ संप्रदाय के लोगों ने गोरखधंधा शब्द के गलत प्रयोग को लेकर दौसा में कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने बांदीकुई विधायक पर नाथ संप्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा का पुतला फूंका और नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के नाम एडीएम सुमित्रा पारीक को ज्ञापन सौंपा। युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विनोद योगी ने कहा- गुरु गोरखनाथ नाथ संप्रदाय के आराध्य देव हैं। देशभर में गुरु गोरखनाथ के 20 करोड़ से ज्यादा अनुयायी हैं। गोरखधंधा शब्द गोरक्षा और बेहतर कार्यों से जुड़ा है। राजस्थान विधानसभा सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर कई बार 'गोरखधंधा' शब्द का इस्तेमाल किया।
