राजस्थान के बांदीकुई जंक्शन में होने वाले है कई हाईटेक बदलाव, LED स्क्रीन्स के साथ यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
बांदीकुई जंक्शन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। अमृत भारत योजना के तहत 23 करोड़ रुपए की लागत से जंक्शन का पुनर्विकास कार्य चल रहा है। इस योजना के तहत सभी प्लेटफॉर्म पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। रेलवे ने पहले चरण में प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एलईडी स्क्रीन लगाई हैं।
प्लेटफॉर्म एक, दो और तीन पर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वहां भी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन पर यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच की स्थिति की जानकारी मिलेगी। साथ ही यात्रियों के मनोरंजन के लिए विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए क्लॉकरूम की व्यवस्था का भी विस्तार किया जा रहा है।
वर्तमान में प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर उपलब्ध यह सुविधा अब प्लेटफॉर्म एक पर बन रहे नए भवन में भी उपलब्ध होगी। नए वेटिंग हॉल में बने क्लॉकरूम में यात्री निर्धारित शुल्क देकर अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। इसके लिए रेलवे कर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया जाएगा। बांदीकुई जंक्शन पर पहली बार इतनी आधुनिक सुविधाएं लगाई जा रही हैं। इससे यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी।
