Dausa प्रचार-प्रसार जोर पकड़ने लगा, अब स्टार प्रचारकों के आने से सरगर्मी बढ़ेगी

दौसा न्यूज़ डेस्क, दौसा विधानसभा चुनाव के मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों का प्रचार अभियान परवान चढऩे लगा है। दीपावली के बाद प्रत्याशी अब घर-घर प्रचार एवं गांव और वार्डों में नुक्कड़ सभा करने में जुट गए हैं। वहीं अब चुनावी रण में भाजपा-कांग्रेस सहित अन्य दलों के स्टार प्रचारकों भी उतरने जा रहे हैं। इससे चुनावी सरगर्मी और तेज होने के आसार हैं और इसकी शुरुआत गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की महुवा और सिकराय विधानसभा क्षेत्र में सभा से होने वाली है। 18 नवम्बर को बसपा सुप्रीमो मायावती की भी बांदीकुई में सभा प्रस्तावित हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से अभी किसी स्टार प्रचारक की सभा तय नहीं हुई है। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ ने बताया कि शीघ्र ही बड़े नेताओं का कार्यक्रम आएगा। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशियों की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व सचिन पायलट की सभाओं की डिमांड प्रदेश नेतृत्व से की गई है।
जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर गोवर्धन के अगले दिन से ही प्रमुख दलों के प्रत्याशियो ने प्रचार अभियान को धार देना शुरू कर दिया है। कोई प्रत्याशी धार्मिक स्थलों पर पहुंच पूजा अर्चना कर लोगों से सम्पर्क कर रहे हैं तो कोई घर-घर दस्तक देकर वोट की अपील करते दिखाई पड़ रहे हैं। प्रत्याशियों के अलावा अब ग्राम पंचायत तथा निकायवार टोलियां भी प्रचार पर निकल पड़ी है। युवाओं और महिलाओं का दल भी मैदान में निकल पड़ा है। गांव- ढाणी तक पहुंचने लगा चुनाव प्रचार: विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान अब शहर व कस्बों से निकल कर गांव- ढाणी तक पहुंच गया है। गांवों में सुबह से रात तक प्रत्याशियों के पहुंचने का दौर जारी है। प्रत्याशी गांवों में पहुंचकर चौपाल पर अपनी बात रख रहे हैं। यह दौर देर रात तक जारी रहता है।
निर्दलीयों का प्रचार अभी कम: शहर एवं गांवों में कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों का प्रचार दिखाई देने लगा है, लेकिन अभी ज्यादातर स्थानों पर निर्दलीय का प्रचार अभी दिखाई नहीं दिया है। हालांकि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में कुछ अन्य प्रत्याशी का प्रचार भी दिखाई पडऩे लगा है। कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा व कांग्रेस के लिए राह का रोड़ भी बनते दिख रहे हैं। शहरों में ढोल तो गांवों में लाउडस्पीकर पर गूंज रहे तराने: प्रचार अभियान में प्रत्याशी लोगों का ध्यान आकर्षित करने एवं अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए अलग- अलग तरीके अपना रहे हैं। शहरों में प्रत्याशी प्रचार में ढोल का सहारा ले रहे हैं, वहीं गांव व ढाणियों में वाहनों पर लाउड स्पीकर पर पार्टी व उम्मीदवारों के समर्थन में तरानों की गुंज सुनाई पड़ने लगा है।