Dausa उपचुनाव में सभी पांचों सीटों पर भाजपा करेगी कब्जा
दौसा न्यूज़ डेस्क, लोकसभा चुनाव के बाद अब प्रदेश में उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। जहां भाजपा के मंत्री क्षेत्र का दौरा कर पांचों सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी ने दौसा में सांसद मुरारी लाल मीना के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गठित कर चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। दौसा पहुंचे राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में आमजन के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही किसान निधि में दो हजार रुपए की बढ़ोतरी, गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाने, खरीद शुरू करने, पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने और लोगों को रोजगार देने में सरकार आगे रही है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए रणनीति और टिकट वितरण को लेकर मंथन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि दौसा समेत पांचों विधानसभा उपचुनाव में भाजपा अपना परचम लहराएगी। लोकसभा चुनाव के साथ ही कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दौसा में विधानसभा उपचुनाव के लिए कमेटी बनाई है। इसमें सांसद मुरारीलाल मीना, पीसीसी महासचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज, विधायक रफीक खान और जिला अध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ को शामिल किया गया है। यह कमेटी उपचुनाव से पहले विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक, संभाग और बूथ स्तर की कमेटियां बनाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर संगठन को मजबूत करेगी। सांसद बनने के बाद मुरारीलाल मीना के विधायक पद से इस्तीफा देने से अब दौसा में उपचुनाव होंगे। यहां कांग्रेस अपना दबदबा कायम रखने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।