पेपर लीक मामले में पत्नी के बाद अब पटवारी पति पर भी गिरी गाज, करोड़ों की कमाई भी होगी जब्त

दौसा न्यूज़ डेस्क - पेपर लीक मामले में शामिल पटवारी हर्षवर्धन को बर्खास्त कर दिया गया। वह जगदीश विश्नोई के साथ मिलकर दर्जनों परीक्षाओं के पेपर लीक में शामिल रहा है। उस पर एसआई भर्ती और जेईएन भर्ती परीक्षा के पेपर लीक करने का भी आरोप है। इससे पहले उसकी पत्नी सरिता मीना को भी बर्खास्त किया जा चुका है। सरिता भीलवाड़ा में पटवारी के पद पर कार्यरत थी। एसओजी ने विश्नोई के खिलाफ चार साल पुराने मामले में फरवरी 2024 में जगदीश को गिरफ्तार किया था।
हर्षवर्धन के खिलाफ 6 से ज्यादा एफआईआर
एसओजी की एसआईटी ने जेईएन भर्ती परीक्षा 2020 में नकल और पेपर लीक करने के मामले में पेपर लीक के सरगना हर्षवर्धन मीना को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। एसओजी हर्षवर्धन मीना को कई बार जेल से रिमांड पर भी ला चुकी है। आरोपी हर्षवर्धन के खिलाफ 6 से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं।
2013 में दी थी पटवारी परीक्षा
हर्षवर्धन मीना एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक, जेईएन भर्ती परीक्षा पेपर लीक के साथ ही कई अन्य मामलों में आरोपी रहा है। हर्षवर्धन मीना ने 2013 में पटवारी की परीक्षा दी थी, तब उसने करौली निवासी अमृतलाल मीना से पेपर लेकर परीक्षा पास की थी। उसकी मुलाकात 2010 में जगदीश विश्नोई से हुई थी। उस समय वह जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था।
इसके बाद पेपर लीक गिरोह में शामिल
जगदीश विश्नोई से दोस्ती के बाद वह भी पेपर लीक गिरोह में शामिल हो गया। हर्षवर्धन मीना ने अपने साइट हैंडलर की मदद से 14 सितंबर का पेपर 3 अभ्यर्थियों को पढ़ाया। उसने तीनों से बीस लाख का सौदा किया था। 15 सितंबर को भी उसने 4 अभ्यर्थियों को पेपर उपलब्ध कराया था।
इसके बाद खुलासा होने पर नेपाल भाग गया
जब इस मामले का खुलासा होने लगा तो वह नेपाल भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया। उसने पेपर लीक के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी। लेकिन उसने इन संपत्तियों की रजिस्ट्री दूसरे लोगों के नाम करवा रखी थी। उसने अपनी क्रेटा कार भी स्वरूप चंद मीना के नाम पर ले रखी थी। एसआई भर्ती परीक्षा में अपनी पत्नी सरिता मीना की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाया था।
पत्नी सरिता मीना भी बर्खास्त
जेईएन भर्ती परीक्षा 2020 में नकल करने और डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करने के मामले में आरोपी हर्षवर्धन मीना की पत्नी सरिता मीना को भी बर्खास्त कर दिया गया है। आरोपी सरिता मीना ने एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में खुद की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करवाई थी।एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा में शामिल 45 समेत कुल 86 राजकीय कर्मचारियों को अब तक बर्खास्त किया जा चुका है। फिलहाल 189 राजकीय कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद सरकार की ओर से इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घर में अज्ञात लोगों के प्रवेश पर रोक
जयपुर-आगरा हाईवे से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर हर्षवर्धन मीना का करोड़ों का आलीशान मकान है। इसके अंदर अज्ञात लोगों के प्रवेश पर रोक थी। हर्षवर्धन मीना को जब हिरासत में लिया गया तो उसने इस घर के बारे में बताया। जब जांच की गई तो इस घर में आंसर शीट और पेपर लीक से जुड़े दस्तावेज मिले।