कस्बे में बारिश के बाद जलभराव, राजकीय चिकित्सालय के पास आवागमन घंटों बाधित
कस्बे में सोमवार शाम हुई तेज बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के चलते राजकीय चिकित्सालय के पास भारी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।
जलभराव के कारण मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल पहुंचने वाले कई लोग पानी में होकर गुजरने को मजबूर हुए, वहीं वाहन चालकों को भी रास्ता बदलना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, थोड़ी सी बारिश में ही इस क्षेत्र में पानी भर जाता है, जिससे हर बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लोगों ने आरोप लगाया कि नालियों की उचित सफाई और जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
घंटों तक पानी जमा रहने से सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई। बाद में बारिश रुकने के बाद धीरे-धीरे पानी का स्तर कम हुआ, तब जाकर आवागमन सामान्य हो सका।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में मरीजों और आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल नगर प्रशासन की ओर से जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही जा रही है।
