Aapka Rajasthan

सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच चूरू समेत इस जिले में जारी हुआ रेड अलर्ट, प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील

 
सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच चूरू समेत इस जिले में जारी हुआ रेड अलर्ट, प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील

राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित श्रीगंगानगर जिले में आज सुबह फिर 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। इसके साथ ही श्रीगंगानगर जिले से कुछ दूरी पर स्थित बीकानेर संभाग के चूरू जिले में भी 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। दोनों जिलों में लोगों से घरों के अंदर ही रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने साफ कहा है कि घबराएं नहीं लेकिन बेवजह घर से बाहर न निकलें। सभी को सतर्क रहना चाहिए। श्रीगंगानगर में पेट्रोल पंप भी बंद कर दिए गए हैं।

इससे पहले भी श्रीगंगानगर में रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है। उसके बाद शनिवार सुबह अचानक पूरे जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया। यह रेड अलर्ट पाकिस्तान की ओर से हवाई हमले की आशंका के चलते जारी किया गया है। श्रीगंगानगर के आसमान में लड़ाकू विमानों की हलचल देखी गई है। इसके साथ ही चूरू जिले में भी ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है। चूरू जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। 

प्रशासन ने की घरों के अंदर और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील
प्रशासन ने कहा है कि बेवजह बाहर न घूमें। घरों के अंदर और सुरक्षित स्थानों पर रहें। जिला प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। इससे पहले शुक्रवार रात को बाड़मेर जिले में रेड अलर्ट था। देर रात बाड़मेर रेड अलर्ट से बाहर आ गया था। लेकिन शनिवार तड़के वहां फिर से रेड अलर्ट जारी कर दिया गया। संभावित खतरा टलने के कुछ घंटे बाद इसे वापस ले लिया गया। बाड़मेर में रेड अलर्ट के बाद अब श्रीगंगानगर और चूरू जिलों में भी इसे जारी कर दिया गया है।

श्रीगंगानगर में बाजार बंद, आज नहीं खुलेंगे
श्रीगंगानगर में रेड अलर्ट जारी होने के साथ ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। दुकानें खोलने आए व्यापारियों से घर लौटने की अपील की जा रही है। कई व्यापारियों ने सुबह ही दुकानें खोल ली थीं। रेड अलर्ट के चलते उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दी हैं। रेड अलर्ट के चलते श्रीगंगानगर में आज बाजार नहीं खुलेंगे। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात को पाकिस्तान ने पश्चिमी राजस्थान में सीमा पर स्थित बाड़मेर और श्रीगंगानगर जिलों में ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया था। सीमा क्षेत्र के इन दोनों जिलों के साथ ही बीकानेर और बालोतरा में भी आज कई स्थानों पर मिसाइलों और ड्रोन के मलबे मिले हैं।