Aapka Rajasthan

चूरू में जमीन धंसने की घटना से गांव में दहशत, कारणों की जांच के लिए मौके पर पहुंचे अधिकारी

 
चूरू में जमीन धंसने की घटना से गांव में दहशत, कारणों की जांच के लिए मौके पर पहुंचे अधिकारी

राजस्थान के चूरू जिले में सोमवार को अचानक ज़मीन धंसने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यह घटना सरदारशहर के सोनपालसर गाँव के पास हुई, जहाँ अचानक 50 फीट गहरा एक विशाल गड्ढा बन गया। जिसे लगभग 60 किलोमीटर दूर से भी साफ़ देखा जा सकता है। इस रहस्यमयी घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए हैं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रशासन को दी गई सूचना

गाँव के एक ग्रामीण उम्मेद सिंह राठौड़ ने तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी। इसके बाद प्रशासन एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को गड्ढे से दूर रख रहा है। उम्मेद सिंह राठौड़ के अनुसार, यह घटना आज (सोमवार) सुबह सोनपालसर गाँव से लगभग 60 फीट की दूरी पर गोसाईं जी महाराज की खड्ड में हुई। जिसके बाद लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने आगे बताया कि ज़मीन धंसने का सिलसिला अभी भी धीरे-धीरे जारी है।

ग्रामीण दहशत में, जाँच का इंतज़ार
इस दिल दहला देने वाली घटना को देखने के लिए दूर-दूर से लोगों का तांता लगा हुआ है। अचानक हुई ज़मीन धंसने की घटना से आस-पास रहने वाले ग्रामीण दहशत में हैं और मौके पर मौजूद वरिष्ठ लोग प्रशासन की टीम का इंतज़ार कर रहे हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ज़मीन धंसने के कारणों का पता संबंधित अधिकारियों के मौके पर पहुँचने के बाद ही चल पाएगा।