Aapka Rajasthan

राजस्थान में दर्दनाक मंजर! पत्नी की लाश को कंधे पर रख घूमता रहा युवक लेकिन नहीं मिली एम्बुलेंस, चिकित्सा व्यवस्था पर उठे सवाल

 
राजस्थान में दर्दनाक मंजर! पत्नी की लाश को कंधे पर रख घूमता रहा युवक लेकिन नहीं मिली एम्बुलेंस, चिकित्सा व्यवस्था पर उठे सवाल

चूरू जिला अस्पताल में मंगलवार को एक युवक अपनी पत्नी का शव कंधे पर लेकर करीब 10 मिनट तक घूमता रहा। अस्पताल प्रशासन ने उसे रोका तो वह और उसके परिजन बहस करने लगे। अस्पताल प्रशासन और पुलिस के मना करने के बावजूद वह 'मैं ले जाऊंगा' कहता रहा। युवक शव को इमरजेंसी वार्ड से पार्किंग में ले आया। यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दरअसल, युवक की पत्नी को घर में काम करते समय करंट लग गया। परिजन उसे दोपहर डेढ़ बजे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के समझाने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।

रसोई में पोछा लगाते समय लगा करंट
रतनगढ़ थाने के हेड कांस्टेबल भंवरलाल ने बताया- सेहाला निवासी झूमा देवी (45) पत्नी हरलाल मंगलवार को घर की सफाई कर रही थी। रसोई में पोछा लगाते समय गीला कपड़ा आटा चक्की को छू गया, जिससे उसे करंट लग गया। परिजन महिला को निजी वाहन से दोपहर डेढ़ बजे चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव को कंधे पर रखकर ले जाने लगे तो पुलिस ने रोक दिया
डॉक्टरों ने जैसे ही उसे मृत घोषित किया, हरलाल पत्नी के शव को कंधे पर रखकर ले जाने लगा। आपातकालीन वार्ड स्टाफ और अस्पताल चौकी पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भड़क गया और हंगामा करने लगा। वह करीब 10 मिनट तक शव को कंधे पर रखकर अस्पताल परिसर में घूमता रहा और उसे आपातकालीन से पार्किंग तक ले आया।

जब हरलाल नहीं माना तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे मनाया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया। कोतवाली पुलिस ने मामले की सूचना रतनगढ़ पुलिस को दी। इसके बाद रतनगढ़ पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।