शंकरी बाई को नागौर भेजने पर आक्या से बोले हनुमान बेनीवाल- RLP सदस्य को लेकर आओ; बेटे ने लगाया जबरन ले जाने का आरोप
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पंचायत समिति के बोर्ड गठन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की सदस्य शंकरी बाई के समर्थन को लेकर भाजपा और आरएलपी के बीच खींचतान चल रही है। इस मामले में पार्टी प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने हस्तक्षेप किया। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से बातचीत के बाद तय हुआ कि शंकरी बाई को नागौर भेजा जाएगा, जहां वह बेनीवाल से मुलाकात करेंगी।
दरअसल, चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस ने 14-14 सीटें जीती हैं। आरएलपी की एकमात्र सदस्य शंकरी बाई हैं। ऐसे में उनका समर्थन बोर्ड गठन के लिए निर्णायक हो गया है। इसी वजह से उन्हें किंगमेकर माना जा रहा है।
शंकरी बाई के भाजपा को समर्थन देने से शुरू हुआ विवाद
चुनाव परिणाम के बाद शंकरी बाई ने भाजपा को समर्थन देने की बात कही थी। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास के लिए यह फैसला अपनी मर्जी से लिया है। उनके पति ने भी किसी तरह के दबाव से इनकार किया था।
दूसरी ओर आरएलपी नेताओं ने आरोप लगाया कि शंकरी बाई और उनके पति को जबरदस्ती अपने साथ ले जाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ नारेबाजी की।
बेटे ने कहा- माता-पिता को जबरदस्ती ले गए
इस विवाद में शंकरी बाई के बेटे बबलू का वीडियो भी सामने आया। उसने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता को जबरदस्ती ले जाया गया है। बबलू ने कहा कि उसका परिवार हनुमान बेनीवाल के साथ है। हालांकि, शंकरी बाई और उनके पति पहले ही वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से भाजपा को समर्थन देने की बात कह चुके हैं।
बेनीवाल के हस्तक्षेप के बाद बनी पांच सदस्यीय कमेटी
दिनभर चले विरोध प्रदर्शन के बाद हनुमान बेनीवाल ने पार्टी पदाधिकारियों से फोन पर बातचीत की और पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की। इसके बाद विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से भी बातचीत हुई।
बातचीत के बाद सहमति बनी कि शंकरी बाई सीधे नागौर जाकर हनुमान बेनीवाल से मुलाकात करेंगी। वहां जो फैसला होगा, उसे अंतिम माना जाएगा। इसके बाद पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उसी निर्णय के अनुसार आगे की रणनीति बनाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब सबकी नजर शंकरी बाई के नागौर पहुंचने और उनके अंतिम फैसले पर है, क्योंकि चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के बोर्ड गठन में उनका एक वोट निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
