Aapka Rajasthan

चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस की बड़ी कार्यवाही! 100 किलो अफीम के साथ पकड़ा गया अपराधी, इस राज्य से हो रही थी तस्करी

 
चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस की बड़ी कार्यवाही! 100 किलो अफीम के साथ पकड़ा गया अपराधी, इस राज्य से हो रही थी तस्करी 

चित्तौड़गढ़ न्यूज़ डेस्क - चित्तौड़गढ़ जिले की कनेरा थाना पुलिस ने 102 किलो 150 ग्राम अफीम जब्त की है। तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में अफीम थार गाड़ी में भरकर ले जा रहा था। कई सालों में पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई है। आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले में तस्करी के मामले में वांछित है।

नाकाबंदी के दौरान आरोपी बिना नंबर प्लेट की कार लेकर जा रहा था
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया- चित्तौड़गढ़ अफीम उत्पादन का बहुत बड़ा क्षेत्र है। अभी खेतों से अफीम निकालने का काम भी चल रहा है। जिसके चलते तस्कर मादक पदार्थ तस्करी में सक्रिय हो रहे हैं। तस्करी रोकने और तस्करों पर अंकुश लगाने के लिए जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। रविवार को कनेरा थाना पुलिस कनेरा-विजयपुर मार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक थार गाड़ी नाकाबंदी स्थल पर पहुंची।

स्टील के डिब्बों और थैलों में अफीम भरकर ले जाई जा रही थी
गाड़ी को रुकवाकर चालक का नाम पूछा गया। आरोपी ने अपना नाम भंवरलाल (56) पुत्र गंगाराम धाकड़ निवासी कनेरा बताया। संदिग्ध लगने पर वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में 2 स्टील के कट्टे और 3 बोरों में 33 प्लास्टिक की बोरियां भरी हुई मिली। इस बारे में पूछताछ की गई तो उसके पास लाइसेंस नहीं था। अफीम का वजन किया गया तो कुल 1 क्विंटल 2 किलो 150 ग्राम अफीम मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अफीम और वाहन को जब्त कर लिया।

लंबे समय बाद हुई इतनी बड़ी कार्रवाई
एसपी जोशी ने कहा-लंबे समय बाद अफीम तस्करी में इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है। इस समय इतनी बड़ी मात्रा में अफीम मिलना बड़ी बात है, इसलिए पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। हालांकि, आरोपी ने अभी तक पूछताछ में ज्यादा कुछ नहीं बताया है। पकड़ा गया आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद थाने में तस्करी के मामले में वांछित था। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी महेंद्र सिंह, एएसआई बालमुकुंद, महेंद्र कुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार, सुरेश, रामनिवास, वासुदेव, नेतराम, गोकुल, भंवराराम शामिल थे।