Aapka Rajasthan

चित्तौड़गढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप! तापमान 40 डिग्री के करीब, जिले में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज

 
चित्तौड़गढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप! तापमान 40 डिग्री के करीब, जिले में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज

चित्तौड़गढ़ न्यूज़ डेस्क - चित्तौड़गढ़ में होली से पहले ही गर्मी का अहसास होने लगा है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। घरों में पंखे पूरी गति से चलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन 13 मार्च से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

यह रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
चित्तौड़गढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इस बढ़ते तापमान के कारण बाड़मेर के बाद चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म शहर रहा है। मार्च महीने में पहली बार तापमान इतनी तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 16 डिग्री दर्ज किया गया है। चित्तौड़गढ़ में अब धूप काफी चुभने लगी है। सड़कें सुनसान होने लगी हैं। इस गर्मी के कारण घरों में पंखे भी पूरी गति से चल रहे हैं। लोगों ने कूलर लगाने की भी तैयारी कर ली है।

एक बार फिर गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार होली के बाद मौसम में फिर बदलाव आएगा। 13 से 15 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होगी। इसका असर चित्तौड़गढ़ में भी देखने को मिलेगा। इसके अलावा 14-15 मार्च को राजस्थान के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश होगी। फिलहाल अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 13 मार्च से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।