Aapka Rajasthan

Chittorgarh मिलेगा दस हजार किसानों के काले सोने का मोल

 
Chittorgarh मिलेगा दस हजार किसानों के काले सोने का मोल

चित्तौडगढ़ न्यूज़ डेस्क,  चित्तौडगढ़ नारकोटिक्स विभाग की ओर से खण्ड प्रथम और द्वितीय में शामिल करीब 10 हजार किसानों की अफीम का तौल 3 अप्रेल से शुरू किया जाएगा। तौल को लेकर विभाग ने जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।  जिला मुख्यालय पर अफीम तौल की प्रक्रिया 14 अप्रेल तक चलेगी। जिसके बाद सीपीएस पद्धति से अफीम की खेती करने वाले दोनों खंडों के करीब 4 हजार किसानों से अफीम डोडे खरीदे जाएंगे। जिले के तीसरे खंड में शामिल बड़ीसादड़ी और निम्बाहेड़ा के किसानों की अफीम का तौल निम्बाहेड़ा में बनाए गए केन्द्र पर चल रहा है। रावतभाटा क्षेत्र के किसानों की अफीम का तौल भीलवाड़ा केन्द्र पर किया जा रहा है।

जिला अफीम अधिकारी खंड प्रथम अजय शंखवार ने बताया कि प्रथम खंड में शामिल चित्तौडगढ़, बस्सी, वल्लभ नगर, भदेसर, कानोड़, लसाड़िया और भिंडर तहसील के 303 गांवों के 5200 किसानों की अफीम का तौल 3 अप्रेल से शुरू किया जाएगा। जिला अफीम अधिकारी खंड द्वितीय अमर सिंह कनौजिया ने बताया कि द्वितीय खंड में शामिल डूंगला, गंगरार, कपासन, राशमी, भूपालसागर और मावली तहसील के 187 गांवों के 4477 किसानों की अफीम का तौल 3 अप्रेल से 14 अप्रेल तक चलेगा। इसके बाद प्रथम खंड के 2632 व द्वितीय खंड के 1313 सीपीएस पद्धति के किसानों के डोडों का तौल किया जाएगा। केन्द्र पर आने वाले किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, कूलर, प्राथमिक चिकित्सा आदि की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को लेकर पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया है। तौल केन्द्र पर आने वाले किसानों की सुविधा के लिए नगर परिषद से मोबाइल टॉयलेट मंगवाने के लिए पत्र लिखा गया है।