Aapka Rajasthan

Chittorgarh 'मोदी ने बदल दी नेताओं और पार्टियों की दशा और दिशा'

 
Chittorgarh 'मोदी ने बदल दी नेताओं और पार्टियों की दशा और दिशा'

चित्तौड़गढ़ न्यूज़ डेस्क, चित्तौड़गढ़ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दस साल में भारतीय राजनीति की दशा और दिशा बदल दी है। अब दुनियाभर में भारत का परचम लहरा रहा है। 2014 से पहले देश घोटालों से घिरा था, आतंकवाद चरम पर था। देश तुष्टिकरण के आधार पर चल रहा था। मोदी ने गरीब कल्याण, विकास, सीमा सुरक्षा को नए आयाम दिए। सीएम शर्मा मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व लोकसभा प्रत्याशी सीपी जोशी की नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के किसानों, गरीबों और महिलाओं के दर्द को जाना और उनके सम्मान में कार्य किया। अब दिल्ली से सौ रुपए चलते हैं तो लाभार्थी को सौ रुपए ही मिलते हैं। सभा को पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ और निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा, ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर, सहकारिता मंत्री गौतम दक, कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, निर्दलीय विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी व नरपत सिंह राजवी, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया आदि मौजूद रहे।

पचास साल का हिसाब दे कांग्रेस: जोशी

सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने 50 साल का हिसाब दे। भाजपा दस साल के शासन का हिसाब देने को तैयार है। जोशी ने कहा कि देश को विकास के लिए मोदी राज का इंतजार करना पड़ा। सनातन का विरोध करने वालों को जनता सबक सिखाएगी।

सौ दिन में ऐतिहासिक काम: दीया कुमारी

सभा में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार ने सौ दिन में ऐतिहासिक काम किया है। हर वर्ग के उत्थान की दिशा में काम किया जा रहा है। 25 सीटों की माला पीएम मोदी को पहनानी है।