चित्तौड़गढ़ में बड़ी कार्रवाई, बाइक के एयर क्लीनर में छुपाई 2.70 किलो अफीम बरामद
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने शंभूपुरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक बाइक के एयर क्लीनर में छुपाकर ले जाई जा रही 2.70 किलो अफीम बरामद की है। साथ ही इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर तरीके से अफीम को बाइक के एयर क्लीनर में छुपाकर ले जा रहे थे, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। यह मादक पदार्थ मध्यप्रदेश से जोधपुर की ओर ले जाया जा रहा था।
गोपनीय सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने शंभूपुरा क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक के एयर क्लीनर में छिपाई गई अफीम बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मादक पदार्थ की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी।
अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले समय में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
