बूंदी न्यूज़ डेस्क, बूंदी शिक्षा विभाग में इन दिनों शिक्षक शाला दर्पण पोर्टल पर सूचना अपडेट करने में जुटे हुए है। इसी का परिणाम है कि शिक्षा विभाग में कार्यरत 8 हजार 592 शिक्षकों कर्मचारियों का डाटा वेरीफिकेशन 99.97 फीसदी पूर्ण हो चुका है। इससे हर कार्मिक की सभी तरह की सूचनाएं शाला दर्पण पर अपडेट कर दी जाएगी। ऐसे में एक क्लिक पर कर्मचारी की समस्त जानकारी स्क्रीन पर होगी। इसका सबसे बड़ा फायदा तबादलों के दौरान होगा। जिले में 8 हजार 612 शिक्षक कार्मिक है। जबकि केवल 13 कार्मिकों का प्रपत्र-10 भरना शेष है। कार्मिक प्रपत्र 10 के जरिए अपनी निजी से लेकर पूरी जानकारी भर रहे है। प्रदेश के शिक्षा विभाग में 3 लाख से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। उन सभी का डाटा शाला दर्पण पोर्टल पर रहता है,लेकिन वह अपडेट नहीं हो पाता। इससे शिक्षक या कर्मचारी के संबंध में काफी जानकारियां अधूरी रहती है। मसलन उसकी शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक योग्यताओं का उल्लेख नहीं होता है,जिससे यह पता नहीं चल पाता की नौकरी लगने के बाद उसकी आगे कितनी पदों पर पदोन्नति हुई है। दरअसल यह जिम्मेदारी स्कूल प्रिंसिपल की होती है। क्योंकि शाला दर्पण उन्हीं की आईडी से लॉगिन किया जा सकता है। संस्था प्रधानों के लचीले रवैये के कारण सूचनाएं अपडेट नहीं हो पाती,लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट की गई
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शाला दर्पण की समीक्षा की तो पता चला कि सूचनाएं पूरी नहीं हैं। ऐसे में निदेशालय द्वारा सभी कर्मचारियों का सत्यापन करने के निर्देश देते हुए प्रपत्र 10 भरने के लिए पाबंद किया था। अब हर रोज पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट हो रही हैं। ऐेसे में जिले समेत प्रदेश के अधिकतर कार्मिक प्रपत्र 10 भर चुके हैं।
यह होगा फायदा
शिक्षा विभाग में तबादलों का इंतजार किया जा रहा है। शाला दर्पण पोर्टल पर प्रपत्र 10 अपडेट होने के बाद तबादले के इच्छुक शिक्षकों की डिटेल एक क्लिक पर विभाग के सामने होगी। निदेशालय के अधिकारियों का कहना है कि तबादलों में उन शिक्षकों को इच्छित जगह मिल सकेगी। पांच साल से एक ही स्थान पर जमे शिक्षक या कर्मचारी का स्थान बदलने में सुविधा रहेगी। यदि सरकार किसी पॉलिसी के तहत तबादले करती है तो प्रपत्र 10 के कारण काम करना काफी आसान होगा।