Aapka Rajasthan

डबवाली में खड़े ट्रॉले से टकराए दो ट्रॉले, राजस्थान के 31 वर्षीय चालक की मौत; हाइड्रा से निकाला गया शव

 
डबवाली में खड़े ट्रॉले से टकराए दो ट्रॉले, राजस्थान के 31 वर्षीय चालक की मौत; हाइड्रा से निकाला गया शव

हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में भारतमाला रोड पर मंगलवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। डूमवाली-जोगेवाला रोड के कैंचिया चौराहे के पास तीन ट्रॉले आपस में टकरा गए। हादसे में राजस्थान के बीकानेर जिले के रहने वाले एक चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉले के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर फंस गए।

हाइड्रा मशीन की मदद से निकाला गया चालक

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ। टक्कर के बाद ट्रॉले के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए। अंदर फंसे चालकों को निकालने के लिए राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक चालक को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर सीधा किया गया। इसके बाद उसे बाहर निकाला गया।घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अन्य चालकों के घायल होने की भी सूचना है।

बीकानेर के नोखा क्षेत्र का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान गणेशाराम (31) पुत्र बद्रीराम के रूप में हुई है। वह राजस्थान के बीकानेर जिले की नोखा तहसील के गांव भादला का रहने वाला था। हादसे के बाद उसका शव बठिंडा के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हाईवे पर वाहनों को रुकवाने को लेकर भी सवाल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय हाईवे पर कुछ वाहनों को जांच के लिए रोका गया था। प्रत्यक्षदर्शियों और एक घायल चालक ने आरोप लगाया कि सड़क पर वाहनों को रोकने के दौरान पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई। इस घटनाक्रम को लेकर पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।