जैन संत आचार्य महाप्रज्ञ की स्मृति में ₹100 का सिक्का जारी करेगी सरकार, वित्त मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
तेरापंथ धर्म संघ के 10वें अधिशास्ता आचार्य महाप्रज्ञ की 105वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है। तेरापंथ धर्म संघ से संबंधित सिक्कों का संग्रह और अध्ययन करने वाले सुधीर लुणावत ने बताया कि आचार्य महाप्रज्ञ पर जारी होने वाले सिक्के का वजन 40 ग्राम होगा, जो शुद्ध चांदी से बना होगा। इसकी परिधि 44 मिलीमीटर होगी। सिक्के का निर्माण भारत सरकार की मुंबई टकसाल द्वारा किया गया है। सुधीर के अनुसार, सिक्के का अनावरण 28 जुलाई को होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इस सिक्के को जारी करने की राजपत्र अधिसूचना भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा 24 जुलाई 2025 को जारी की जा चुकी है। इस सिक्के के एक ओर मध्य भाग में आचार्य महाप्रज्ञ की तस्वीर होगी, जिसकी ऊपरी परिधि पर हिंदी में और निचली परिधि पर अंग्रेजी में आचार्य महाप्रज्ञ की 105वीं जयंती लिखी होगी।
आचार्य महाप्रज्ञ की तस्वीर के दाईं और बाईं ओर क्रमशः उनका जीवनकाल 1920 और 2010 लिखा होगा और तस्वीर के ठीक नीचे सिक्के के जारी होने का वर्ष 2025 लिखा होगा। सिक्के के दूसरी ओर, अशोक स्तंभ के नीचे, रुपये के प्रतीक के साथ 100 मूल्यवर्ग लिखा होगा, जिसके दाईं और बाईं ओर हिंदी और अंग्रेजी में भारत और इंडिया लिखा होगा।
