Aapka Rajasthan

Bikaner में तापमान एक बार फिर 45 डिग्री, जनजीवन अस्त-व्यस्त

 
Bikaner में तापमान एक बार फिर 45 डिग्री, जनजीवन अस्त-व्यस्त

बीकानेर न्यूज़ डेस्क, बीकानेर में गर्मी एक बार फिर परवान चढ़ रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य तापमान से डेढ़ डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इतना ही नहीं न्यूनतम तापमान एक बार फिर 30 डिग्री से ऊपर हो गया है। ये सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। दिन और रात दोनों वक्त बीकानेर में तेज गर्मी ने आम जनजीवन को फिर प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

बीकानेर में बढ़ा तापमान

नौतपा में बीकानेर का पारा लगातार नौ दिन तक 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा था। एक बार फिर वैसे ही हालात मंगलवार को देखने को मिले। ये आशंका थी कि पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है लेकिन पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर के पास ही श्रीगंगानगर में पारा 45 पार था। दोपहर में शहर के सभी मुख्य मार्गों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया था। दोपहर एक बजे से चार बजे तक तापमान 45 के आसपास रहा। जिससे वाहनों के पहिये एक बार थम गए थे। बहुत जरूरी होने पर ही लोग बाहर निकल पा रहे थे। मौसम विभाग ने बीकानेर सहित कई जिलों में मंगलवार को मध्यम बारिश की चेतावनी दी थी। साथ ही धूलभरी हवाओं के साथ आंधी की आशंका जताई गई। बीकानेर में न तो बारिश हुई और न ही आंधी जैसे हालात बने। तापमान में बढ़ोतरी ने जरूर आम आदमी को परेशान किया।

अब पांच दिन नहीं है राहत

गर्मी से अगले पांच दिन तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी लेकिन ये चालीस डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जाएगी। 12 से 14 जून तक पारा 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है। वहीं 15 जून से कम होने की उम्मीद की जा रही हैं।