Aapka Rajasthan

राजस्थान में संविदा डॉक्टर्स को झटका! सैलरी में की गई 50 प्रतिशत की कटौती, इतने पदों पर होगी भर्ती

 
राजस्थान में संविदा डॉक्टर्स को झटका! सैलरी में की गई 50 प्रतिशत की कटौती, इतने पदों पर होगी भर्ती 

राजस्थान सरकार ने संविदा पर रखे गए डॉक्टरों का वेतन आधा करने का फैसला किया है। अभी तक संविदा पर रखे गए डॉक्टरों को 56 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलता था। जिसे घटाकर 28 हजार रुपए कर दिया गया है। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत प्रदेश में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के कुल 2855 पदों पर संविदा भर्ती की जाएगी। इनमें महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, एलोपैथी चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल लैब टेक्नीशियन, नर्स और फार्मा सहायक के पद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां जिला स्तर पर जिला स्वास्थ्य समितियों के माध्यम से की जाएंगी।

162 एमबीबीएस डॉक्टरों की नई भर्ती
प्रदेश के सभी जिलों को एमबीबीएस डॉक्टरों के 162 पद भी दिए गए हैं। इस पद के लिए चिकित्सा अधिकारी की योग्यता निर्धारित की गई है। मिशन निदेशक डॉ. भारती दीक्षित की ओर से जारी इस आदेश में डॉक्टर का वेतन 28 हजार 50 रुपए निर्धारित किया गया है। बताया जा रहा है कि यह फैसला पिछले आदेशों के बिल्कुल उलट है। 30 मार्च 2022 को तत्कालीन मिशन निदेशक डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने पूर्णकालिक संविदा डॉक्टरों का वेतन 56,600 रुपए तय किया था। एक मार्च 2024 को जारी दूसरे आदेश में भी संविदा डॉक्टरों के लिए यही वेतन तय किया गया था। वर्तमान में प्रदेश में करीब 700 डॉक्टर संविदा पर काम कर रहे हैं।

वेतन कटौती का असर
हालांकि पुराने डॉक्टरों को 56,600 रुपए वेतन मिलता रहेगा, लेकिन नए डॉक्टरों को कम राशि मिलेगी। जानकारों का कहना है कि संविदा वाला हिस्सा काटने के बाद यह राशि करीब 25,000 रुपए ही रह जाएगी। आमतौर पर संविदा डॉक्टर कुछ समय बाद पीजी या स्थायी पद पर चले जाते हैं। इसीलिए यह फैसला भी लिया गया है।