आईजीएनपी नहर में लापता किशोर की तलाश जारी, 5वें दिन भी नहीं मिला कोई सुराग
बीकानेर जिले के खाजूवाला निवासी 17 वर्षीय नरेश सोनी के आईजीएनपी नहर में गिरने की आशंका के बाद चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। रविवार दोपहर से लापता नरेश का 96 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नरेश के नहर में गिरने की आशंका के चलते प्रशासन, पुलिस और राहत दल लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। नहर के विभिन्न हिस्सों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। लगातार कई दिनों से चल रहे अभियान के बावजूद किशोर का कोई पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।
नहर किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी मौजूद हैं, जो हर पल किसी सकारात्मक खबर का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा गोताखोरों और अन्य संसाधनों की मदद से तलाश अभियान जारी रखा गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोग भी नरेश की सकुशल बरामदगी की दुआ कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा जाएगा।
