बीकानेर कोर्ट परिसर में भिड़े वकील और पुलिसकर्मी, वायरल वीडियो में जाने क्यों हुआ था विवाद ?
बीकानेर कोर्ट परिसर में शुक्रवार को पार्किंग को लेकर वकील और पुलिस आमने-सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट तक करने लगे। हालांकि इस घटना के कुछ देर बाद पुलिस और अधिवक्ताओं में समझौता हो गया।

बीकानेर कोर्ट परिसर में शुक्रवार को एक वकील और पुलिसकर्मी के बीच विवाद हो गया। पार्किंग में वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद इतना गहरा गया कि पुलिसकर्मी और वकील के बीच हाथापाई हो गई। वकीलों को जब इसकी जानकारी हुई तो हंगामा मच गया। साथी वकील कोर्ट परिसर में एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और वकीलों को समझाइश दी।
इस दौरान एक बार दोनों पक्षों के बीच स्थिति बिगड़ गई और वकील बाहर चले गए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक शर्मा ने बताया कि वकील और पुलिसकर्मी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद वकीलों के प्रतिनिधियों और पुलिसकर्मियों के बीच पहले दौर की वार्ता सफल नहीं रही। दूसरे दौर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कक्ष में पुलिस अधिकारियों और वकीलों के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई।
वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोनों पक्षों के बीच समझाइश से मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों ने माना कि आपसी सम्मान और सहयोग जरूरी है। एक बार बिगड़ा माहौल: वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच एक बार तनावपूर्ण माहौल हो गया। मौके पर आरएसी की टुकड़ी बुलानी पड़ी। कोर्ट में आरएसी के जवान तैनात किए गए। इस दौरान घटना की कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की गई।