Aapka Rajasthan

श्रीराम के भव्य मंदिर की मूर्ति बनाने वाले अरुण योगीराज को दी जाएगी ये बड़ी उपाधि, खुद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े करेंगे सम्मानित

 
श्रीराम के भव्य मंदिर की मूर्ति बनाने वाले अरुण योगीराज को दी जाएगी ये बड़ी उपाधि, खुद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े करेंगे सम्मानित 

अयोध्या के राम मंदिर में भगवान श्री राम की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार अरुण योगीराज सोमवार को बीकानेर पहुंचे। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में मूर्तिकार योगीराज का स्वागत किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) मनोज दीक्षित और अतिरिक्त रजिस्ट्रार डॉ. बिट्ठल बिस्सा मौजूद रहे। अब मंगलवार को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा अरुण योगीराज को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मूर्तिकार योगीराज को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित करेंगे।

राज्यपाल बागड़े बीकानेर पहुंचे
इसके लिए राज्यपाल बागड़े सोमवार को ही दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंच गए थे। एमजीएसयू के कुलपति डॉ. मनोज दीक्षित, संभागीय आयुक्त डॉ. रवि सुरपुर, आईजी ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल जस्सूसर गेट के अंदर स्थित श्री नरसिंह जसवंत मोहता भवन के लिए रवाना हो गए।

अरुण योगीराज को किया जाएगा सम्मानित
कल सुबह वे राजुवास के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। फिर दोपहर में एमजीएसयू द्वारा आयोजित समारोह में रामलला की मूर्ति के शिल्पकार अरुण योगीराज को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। मानद डॉक्टरेट से सम्मानित होने से पहले अरुण योगीराज ने NDTV से खास बातचीत में कहा कि रामलला की मूर्ति भगवान श्री राम की प्रेरणा से बनी है। मैं तो बस एक माध्यम हूं।

'श्री राम की कृपा से मूर्ति तैयार हुई'
उन्होंने कहा कि श्री राम का आशीर्वाद हर पल मेरे साथ रहा और मूर्ति अपने आप आकार लेती रही। मूर्ति बनाने में करीब ढाई महीने का समय लगा, लेकिन भगवान श्री राम की कृपा से समय नहीं बीता और मूर्ति बनकर तैयार हो गई। अरुण योगीराज ने मूर्ति बनाने के दिनों की अपनी सारी भावनाएं और पल NDTV से साझा किए।